रानी अब्बक्का चौटा : स्वाधीनता की ज्वाला
रानी अब्बक्का चौटा : स्वाधीनता की ज्वाला
पश्चिमी सागर की लहरों पर,
जब विदेशी घमंड छाया,
भारत की पावन धरती पर,
जब पराधीनता का भय आया।
तब कर्नाटक की माटी से,
एक सिंहनी हुंकार उठी,
अब्बक्का के प्रचंड तेज से,
अत्याचारों की रात कटी\!
न मुकुटों का मोह हृदय में,
न सिंहासन की अभिलाषा,
मातृभूमि की रक्षा करना,
जीवन की अंतिम परिभाषा।
उल्लाल की उस वीरांगना ने,
रण में बिगुल बजाया था,
पुर्तगाली साम्राज्य के सम्मुख,
मस्तक नहीं झुकाया था!
वह नारी थी, पर ज्वाला थी,
वह साहस की तलवार थी,
विदेशी सत्ता के सीने पर,
भारत की हुंकार थी।
न धन से खरीदी जा सकती,
न भय से झुकने वाली,
वह थी अब्बक्का चौटा रानी,
स्वाभिमान की रखवाली!
अरब सागर की लहरों ने,
उसका पराक्रम देखा था,
उल्लाल के हर सैनिक ने,
उसका संकल्प सहेजा था।
विदेशी जहाजों के सम्मुख,
छोटी नौका अड़ जाती थी,
मातृभूमि की रक्षा खातिर,
मृत्यु भी मुस्काती थी!
न पुर्तगाली तोपों का भय था,
न शत्रु की हुंकारों का,
न झुकने का कोई कारण था,
न समझौता अत्याचारों का।
साहस की उस अग्निशिखा ने,
रण में इतिहास रचा,
स्वाधीनता के स्वाभिमान का,
जन-जन में विश्वास रचा।
हे अब्बक्का! तेरी गाथा,
केवल तलवारों की बात नहीं,
यह भारत की बेटियों के,
अदम्य साहस की सौगात सही।
जहाँ विदेशी सत्ता ने सोचा, भारत झुक जाएगा,
वहाँ तेरे रणघोष ने कहा, भारत फिर उठ जाएगा!
समुद्र किनारे उठती लहरें,
आज भी कथा सुनाती हैं,
उल्लाल की धरती की माटी,
वीरों को राह दिखाती है।
इतिहास के कुछ स्वर्णिम पृष्ठ,
विस्मृति में खो जाते हैं,
पर सच्चे बलिदानों के दीपक,
युगों-युगों तक जल जाते हैं।
वह केवल रानी नहीं थी,
वह स्वतंत्रता का मान थी,
विदेशी आधिपत्य के विरुद्ध,
संघर्षों की पहचान थी।
नारी शक्ति का उद्घोष थी,
साहस की वह खान थी,
भारत की गौरवगाथा में,
अमर अब्बक्का का नाम था!
उठो युवाओं! इतिहास पढ़ो,
उन वीरांगनाओं को जानो,
जिन्होंने अपने रक्त से सींचा,
भारत का स्वाभिमानी गान।
नारी को निर्बल समझने वालों,
इतिहास से सबक सीखो,
अब्बक्का जैसी वीरांगनाओं के,
साहस की ज्वाला देखो!
न झुकी थी वह,
न रुकी थी वह,
न टूटा उसका अभिमान,
मातृभूमि की रक्षा में अर्पित,
उसका जीवन और सम्मान।
जब तक सागर में लहरें होंगी,
जब तक भारत की शान,
तब तक गूँजेगा जग में उसका,
अमर वीरता का गान!
रचनाकार कवि : विश्वजीत सिंह Vishwajeet Singh
स्थल: नागपुर
संपर्क: 9028266021
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें