अर्बन नक्सल से कैसे बचे भारत का लोकतंत्र
अर्बन नक्सल से कैसे बचे भारत का लोकतंत्र ?
लाल विचारों की आँधी लेकर,
निकले कुछ हिंसाकारी,
हाथों में सिद्धांत पुराने,
आँखों में सत्ता की तैयारी।
बदलावों के नारे गूँजें,
क्रांति का आह्वान करें,
पर लोकतंत्र की मर्यादा पर,
कितने प्रश्न विधान करें।
कभी जंगलों में बंदूकें,
कभी शहरों में विचार,
कभी वर्ग-संघर्ष के नारे,
कभी व्यवस्था पर प्रहार।
कभी कलम के पीछे छिपकर,
कभी मंचों के संवाद,
भारत की राजनीति में उठते,
कितने वैचारिक प्रतिवाद।
कौन क्रांतिकारी,
कौन विरोधी,
कौन देश का शुभचिंतक है?
कौन व्यवस्था का आलोचक,
कौन हिंसा का समर्थक है?
प्रश्न उठाना अपराध नहीं,
सत्ता से सवाल जरूरी है,
पर हिंसा और षड्यंत्र की राह,
लोकतंत्र से दूरी है।
नक्सलबाड़ी से उठी
हिंसा की चिंगारी,
इतिहास में दर्ज हुई,
हिंसा की विचारधारा,
कई दिशाओं में प्रवाहित हुई।
बंदूक के बल पर परिवर्तन का,
सपना जो दिखलाते हैं,
वे भूलें कि जनमत से ही,
लोकतंत्र चल पाते हैं।
शहरों में विचारों का मंथन,
विश्वविद्यालयों में बहस,
कभी व्यवस्था की आलोचना,
कभी नीतियों पर हो विमर्श।
पर यदि हिंसा का समर्थन हो,
यदि हथियारों का आह्वान,
यदि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हो संगठित प्रहार,
तो कैसे हो कानून का न्यायपूर्ण शासन,
अपना उत्तर दे अवश्य,
राष्ट्र की सुरक्षा और संविधान,
दोनों का हो स्पष्ट सम्मान ।
सत्य की कसौटी पर परखें,
हर विचार और अभियान।
जो सरकार से प्रश्न करे,
उसका भी अधिकार रहे,
जो हिंसा का मार्ग चुने,
उस पर कानून का प्रहार रहे।
भारत केवल सत्ता नहीं है,
भारत जन-जन का मान,
संविधान इसकी आत्मा है,
लोकतंत्र है इसकी पहचान।
न्यायपालिका, संसद, मीडिया,
विचारों का हो सम्मान,
इन्हीं स्तंभों से सुरक्षित है,
भारत का स्वाभिमान।
नहीं चाहिए रक्त क्रांति,
नहीं चाहिए हिंसा की आग,
शिक्षा, श्रम और जनशक्ति से,
देशवासी का हो सहभाग।
विचारों की हो खुली लड़ाई,
तर्कों का हो सम्मान,
भारत की एकता के आगे,
झुके नहीं संविधान।
उठो युवाओं!
विवेक जगाओ, इतिहास का अध्ययन करो,
झूठ और सच के अंतर को,
तर्कों से निर्धारित करो।
न हिंसा के तुम साथी बनना,
न भय से मौन रहना,
राष्ट्रहित और लोकतंत्र के,
पथ पर अडिग रहना।
लाल हो, हरा हो, या कोई और विचार,
भारत के संविधान से ऊपर,
नहीं कोई अधिकार।
असहमति भी राष्ट्रशक्ति है,
जब मर्यादा के साथ चले,
लोकतंत्र का दीप अखंड रहे,
भारतमाता के लाल चले।
— विश्वजीत सिंह
नागपूर
संपर्क : 9028266021
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें