क्रांति का मार्ग या संविधान का प्रकाश : विश्वजीत सिंह
क्रांति का मार्ग या संविधान का प्रकाश?
विचारों के रणक्षेत्र में,
एक प्रश्न उठ खड़ा हुआ,
साम्यवाद के नारों से,
नवसमाज का स्वप्न बुना।
वर्गविहीन संसार की बातें,
समता का था उद्घोष,
बाबा साहेब ने पूछा फिर,
परिवर्तन का क्या हो दोष?
श्रमिक के श्रम का मूल्य मिले,
शोषण का अंत हो जाए,
धन के केंद्रीकरण की दीवारें,
न्याय के आगे झुक जाएँ।
लेकिन रक्त बहाकर क्या,
समता का संसार बनेगा?
हिंसा की नींवों पर आखिर,
कैसा नया समाज खिलेगा?
साम्यवाद के स्वप्न में,
समानता का विचार था,
पर सत्ता के केंद्रीकरण में,
स्वतंत्रता पर प्रहार था।
मजदूरों के नाम पर यदि,
तानाशाही स्थापित हो,
तो फिर किस अर्थ में उस समाज में,
मानवता सुरक्षित हो?
अराजकता के अंधकार में,
जब व्यवस्था खो जाती है,
कानूनों की मर्यादा जब,
पैरों तले कुचली जाती है।
तब निर्बल का कौन सहारा,
कौन न्याय दिलवाएगा?
स्वतंत्र नागरिक का अधिकार,
कौन सुरक्षित रख पाएगा?
पच्चीस नवंबर का वह दिन,
इतिहास में अमर हुआ,
संविधान सभा के मंच से,
लोकतंत्र का स्वर मुखर हुआ।
संवैधानिक मार्ग छोड़कर,
अराजकता मत अपनाना,
सामाजिक परिवर्तन के लिए,
लोकतंत्र को मत भुलाना।
न हिंसा का लाल झंडा हो,
न तानाशाही का राज,
न शोषण का कोई चेहरा हो,
न अन्याय का समाज।
समानता का दीप जले और,
स्वतंत्रता का सम्मान रहे,
संविधान की मर्यादा में ही,
भारत का उत्थान रहे।
बुद्ध का धम्म सिखाता है,
मन का परिवर्तन लाना,
करुणा, मैत्री, प्रज्ञा से,
मानवता को अपनाना।
मार्क्स के प्रश्नों को समझो,
शोषण का इतिहास पढ़ो,
पर हिंसा के अंधे पथ पर,
अपना भविष्य मत गढ़ो।
लोकतंत्र केवल चुनाव नहीं,
यह जीवन का व्यवहार है,
हर नागरिक के अधिकारों का,
यह पवित्र आधार है।
स्वतंत्रता, समता, बंधुता का,
जब तक नहीं सम्मान होगा,
तब तक भारत का लोकतंत्र,
अधूरा और परेशान होगा।
न व्यक्तिपूजा, न सत्तापूजा,
न हिंसा का जयगान,
संविधान के प्रति निष्ठा ही,
नागरिक का स्वाभिमान।
जाति-वर्ग के भेद मिटाकर,
न्याय का दीप जलाना है,
बाबा साहेब के विचारों से,
नया भारत बनाना है।
क्रांति हो विचारों की,
परिवर्तन हो समाज का,
सम्मान हो हर मानव का,
अधिकार हो हर आवाज का।
साम्यवाद हो या कोई दर्शन,
कसौटी एक महान,
मानव की गरिमा सुरक्षित हो,
सर्वोपरि हो संविधान।
न्याय की राह कठिन सही,
पर दीप बुझने न पाए,
लोकतंत्र की जड़ में कोई,
विषधर घर करने न पाए।
बाबा साहेब का संदेश,
युगों-युगों तक गूंजेगा,
संविधान का प्रहरी भारत,
विश्व में अपना नाम करेगा।
रचनाकार एवं कवि : विश्वजीत सिंह (Vishwajeet Singh) नागपूर 9028266021
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें