अराजक युवा की Anarchy
अराजक युवा की Anarchy
जिस हाथों में कलम होनी थी,
उनमें पत्थर क्यों आए हैं?
जिन आँखों में सपने थे,
उनमें शोले क्यों छाए हैं?
जिस कंधे पर तिरंगा होता,
वह नफरत क्यों ढोता है?
जिस युवा से देश बनेगा,
वही कॉमरेड देश से क्यों लड़ता है?
यौवन कोई आग नहीं,
जो सब कुछ जलकर राख करे,
यौवन वह संकल्प है,
जो राष्ट्र का नव निर्माण करे।
विश्वविद्यालय ज्ञान के मंदिर,
विचारों का विस्तार करें,
वहाँ हिंसा के नारे नहीं,
विवेक के संस्कार रहें।
प्रश्न उठाना अपराध नहीं,
सत्ता से संवाद करो,
अन्यायों के विरुद्ध खड़े हो,
संविधान का सम्मान करो।
हिंसा और विध्वंस को,
आजादी का नाम न दो,
भारत की संप्रभुता पर,
कोई समझौता आम न हो।
जो बाहरी ताकतों के हाथों,
अपनी सोच गिरवी रखते हैं,
अपने ही देश की एकता पर,
नफरत के बीज बोते हैं।
वे भूल रहे हैं इस मिट्टी का,
इतिहास और बलिदान,
जिसके कण-कण में बसता है,
शहीदों का सम्मान।
जो हिंसा फैलाए,
कानून उससे जवाब माँगेगा,
जो देश तोड़ने की कोशिश करे,
लोकतंत्र उसका हिसाब करेगा।
अराजकता की राहों में,
भविष्य नहीं मिलता है,
विध्वंस के मलबे पर,
स्वर्णिम भविष्य नहीं खिलता है।
क्रांति वही जो ज्ञान जगाए,
न्याय का दीप जलाए,
युवा वही जो राष्ट्रहित में,
अपना कर्तव्य निभाए।
भगत सिंह के सपनों में,
शिक्षा और विचार भी थे,
आंबेडकर के चिंतन में,
अधिकारों के आधार भी थे।
गांधी की अहिंसा कहती,
सत्य का मार्ग अपनाओ,
संविधान की मर्यादा में,
परिवर्तन की राह बनाओ।
देश के विरुद्ध हिंसा,
कभी स्वीकार नहीं होगी,
संविधान और संप्रभुता की,
अवहेलना बर्दाश्त नहीं होगी।
उठो युवाओं!
हाथों में अब,
पुस्तक और विज्ञान उठाओ,
नफरत की दीवारें तोड़ो,
सद्भावना के दीप जलाओ।
रोजगार, शिक्षा, न्याय के लिए,
लोकतांत्रिक संघर्ष करो,
भारत की अखंडता के हित में,
अपने जीवन का उत्कर्ष करो।
नारे नहीं, निर्माण करो;
विवाद नहीं, संवाद करो।
विध्वंस नहीं, विकास करो;
भारत का नव इतिहास रचो।
जो युवा अपने देश को समझे,
वही सच्चा बलवान है,
जो विविधता में एकता देखे,
वही भारत की पहचान है।
अराजकता की रात ढलेगी,
विवेक का सूरज आएगा,
युवा शक्ति के संकल्पों से,
भारत विश्व में चमकेगा !
नमन उस युवा शक्ति को,
जो संविधान का मान रखे,
भारत की एकता के खातिर,
अपने कर्तव्य की शान रखे।
नफरत से नहीं, विचारों से,
इतिहास नया बनाएगा,
भारत का जागृत युवा ही,
भारत का भविष्य कहलाएगा!
कवि/ रचनाकार : श्री विश्वजीत सिंह Vishwajeet Singh
नागपुर
संपर्क : 9028266021
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें