तथागत गौतम बुद्ध
करुणा का दीप — गौतम बुद्ध
कपिलवस्तु की पावन धरती,
एक कहानी कहती थी,
राजमहल की स्वर्णिम छाया,
सुख की चादर बुनती थी।
पर राजकुमार सिद्धार्थ के मन में प्रश्न अनेक जगे,
जीवन के अनसुलझे रहस्य, अंतर्मन में आकर लगे।
क्यों मानव दुख में डूबा है?
क्यों आँखों में पानी है?
क्यों यौवन ढल जाता जग में?
क्यों मृत्यु अंतिम कहानी है?
इन प्रश्नों की अग्नि हृदय में,
जब ज्वाला बनकर धधकी,
त्याग दिया राजसी वैभव,
सत्य की खोज में राह पकड़ी।
न मुकुट रहा,
न राजसिंहासन,
न वैभव का अभिमान,
सत्य-साधना बनी तपस्या,
मानवता बनी पहचान।
वन-वन भटके,
ध्यान लगाया,
सहा कठिन संताप,
मन की गहराई में खोजा,
दुख से मुक्ति का आलाप।
बोधिवृक्ष की शीतल छाया,
निशा मौन हो आई,
ध्यानमग्न उस तपस्वी ने,
अंतर्दृष्टि जगाई।
अज्ञान मिटा,
विवेक जगा,
अंतर्मन आलोकित हुआ,
सिद्धार्थ से गौतम बुद्ध का,
दिव्य उदय उद्घोषित हुआ।
न तलवार उठी,
न रक्त बहा,
न कोई युद्ध रचाया,
ज्ञान और करुणा के बल पर,
जग को मार्ग दिखाया।
नफरत के बदले प्रेम दिया,
क्रोध के बदले धीर,
अंधकार के मध्य जलाया,
सत्य-शांति का नीर।
हे बुद्ध!
तुम्हारा संदेश अमर,
हर युग की पहचान,
करुणा से ही श्रेष्ठ बनता है,
मानव का सम्मान।
मन को जीतो,
जग जीतोगे,
यही तुम्हारा ज्ञान,
प्रेम और मैत्री से ही होगा,
सुंदर यह जहान।
चार आर्य सत्यों का संदेश,
दुख का बोध कराया,
तृष्णा के बंधन काटकर,
मुक्ति-पथ दिखलाया।
मध्यम मार्ग की राह बताई,
संयम का उपहार,
अष्टांगिक पथ से जग को,
मिला विवेक अपार।
न ऊँच-नीच का भेद रहे,
न घृणा की दीवार,
हर प्राणी में करुणा जागे,
मिटे द्वेष का भार।
जाति, अहंकार और लोभ से,
मानव मुक्त बने,
सत्य, शील और प्रज्ञा लेकर,
जीवन पुष्प खिले।
नदियों जैसा निर्मल मन हो,
पर्वत जैसा धीर,
दुखियों के आँसू पोंछ सके,
ऐसा हृदय गंभीर।
जो गिरते को हाथ बढ़ाए,
जो भूखे को अन्न,
जो वैर भुलाकर प्रेम बाँटे,
वही जीवन धन्य।
राजगृह से श्रावस्ती तक,
गूँजा ज्ञान-विचार,
वैशाली की पावन भूमि ने,
सुना मुक्ति का सार।
सारनाथ में धर्मचक्र चला,
जागा नव अभियान,
बुद्ध-वचनों से जग ने पाया,
शांति का वरदान।
आज भी जब संसार में,
हिंसा के बादल छाते,
जब स्वार्थों के अंधकार में,
मानव मानव को सताते,
तब बुद्ध तुम्हारी वाणी,
दीपक बनकर आती है,
टूटे हुए हृदयों में,
आशा फिर जगाती है।
विश्वजीत की लेखनी आज,
यही पुकार सुनाए,
बुद्ध तुम्हारे प्रेम का संदेश,
घर-घर तक पहुँचाए।
मन में मैत्री,
कर्म में सेवा,
वाणी में मधुरता हो,
हर मानव के जीवन में,
सद्बुद्धि और समता हो।
नफरत की ज्वाला शांत हो,
हिंसा का अंत हो,
धरती के हर कोने में,
करुणा का वसंत हो।
हर आँख में आशा चमके,
हर हृदय में प्रकाश,
बुद्ध तुम्हारे मार्ग से,
पूर्ण हो जग की आस।
बुद्ध केवल इतिहास नहीं,
चेतना का विस्तार हैं,
भटके हुए मानव जीवन के,
सच्चे मार्गदर्शक हैं।
जब तक दुख है धरती पर,
करुणा की दरकार रहे,
जब तक मन में मोह बसा है,
ज्ञान का उजियार रहे।
“अपने भीतर दीप जलाओ,
सत्य का पथ अपनाओ,
द्वेष मिटाकर प्रेम बाँटो,
मानवता को अपनाओ।”
— विश्वजीत सिंह
नागपुर संपर्क: 9028266021

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें